तिगरी गांव में गली से गुजरते समय छात्रा काजल को गोली मारने के मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस तैनात है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।
खेकड़ा के तिगरी गांव के किसान सुरेंद्र सिंह का बेटा योगेश अपनी बहन काजल के साथ सोमवार शाम गली से गुजर रहा था। तभी पड़ोस के लोगों ने रंजिश के चलते जान से मारने की नियत से गोली चलाई। काजल अपने भाई की जान बचाने के लिए उसके आगे अड़ गई थी। इससे उसके पैर में गोली लग गई थी। इसको लेकर भारी हंगामा हुआ था। सीओ श्वेताभ पांडेय को विरोध का सामना करना पड़ा था।
एएसपी अजीजुल हक ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया था। रात को पीड़ित योगेश ने खेकड़ा थाने में सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोपी भीम, विपिन, कृष्ण, प्रभास, सत्यपाल, फिरे निवासी तिगरी और रवि उर्फ रविंद्र निवासी डगरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी विपिन, सत्यपाल, फिरे और रवि उर्फ रविंद्र को गिरफ्तार किया।
कोर्ट ने चारों को जेल भेजा। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस तैनात है। थाना प्रभारी ने कहा फरार आरोपियों की गिरफ्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, यह भी बताया गया है कि आरोपी पक्ष के यहां भी पुलिस को तैैनात किया गया है।
आरोपियों में दिल्ली पुलिस का सिपाही भी शामिल
इस केस के तीन आरोपी भीम, कृष्ण और प्रकाश फरार चल रहे हैं। इनमें भीम दिल्ली पुलिस का सिपाही है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
पीड़ित परिवार को फिर मिली धमकी
तिगरी गांव में छात्रा काजल पर हमले के मामले में परिवार को एक बार फिर धमकी मिली। कागल का भाई योगेश मंगलवार शाम करीब पांच बजे मकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान डगरपुर की ओर से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसको धमकी दी कि केस में समझौता नहीं किया तो जान से मार देंगे। इस बार बच गया, आगे नहीं बचेगा। उनका कहना है के संदिग्ध लोग मकान के आसपास ही घूम रहे है। कभी भी वारदात को अंजाम दे सकते है।