टीकरी कसबे में बृहस्पतिवार रात आवारा घूमने वाले गोवंश को जबरन गाड़ी में लाद रहे बदमाश जाग होने पर फायरिंग व पथराव करते हुए फरार हो गए। लोगों ने इधर-उधर भाग कर जान बचाई। सूचना पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इसको लेकर कसबा वासियों में आक्रोश व्याप्त है।
बृहस्पतिवार की देर रात कसबे में घर के बाहर सोए इंद्रपाल सिंह का कहना है कि खटपट की आवाज सुनने पर उसकी आंख खुल गई। उन्होंने सड़क पर आकर देखा तो एक दर्जन के करीब हथियारबंद बदमाश डीसीएम गाड़ी में कसबे में घूमने वाले आवारा गोवंश को जबरन लाद रहे हैं। इसे देखकर इंद्रपाल ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर कसबे में जाग हो गई और लोग लाठी-डंडे लेकर बदमाशों की तरफ दौड़ लिए। लोगों को अपनी तरफ आता देख बदमाशों ने फायरिंग व पथराव शुरू कर दिया। गोलियों की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने इधर-उधर भागकर जान बचाई।
इसी दौरान बदमाश गोवंश को छोड़कर फरार हो गए। इसकी सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। सूचना के कई घंटे बाद पुलिस कसबे में पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गाड़ी में एक दर्जन के करीब बदमाश थे। गनीमत ये रही कि किसी को गोली या पत्थर नहीं लगा। नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश जताया। कसबावासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।