गढ़ी कलंजरी में लूट के बाद लोगों से वार्ता करते एएसपी अजीजुल हक।
- फोटो : अमर उजाला
चांदीनगर। गढ़ी कलंजरी गांव में किसान बिजेंद्र सिंह के घर में घुसकर चार बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर सवा लाख रुपये नगद, तीन भैंसें, आभूषण समेत लाखों रुपये का कीमती सामान लूटकर ले गए। बदमाश मकान में पुलिस वाले बताकर घुसे। इससे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर केस का जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया।
गढ़ी कलंजरी गांव के किसान बिजेंद्र सिंह ने बताया सोमवार की रात में पूरा परिवार मकान में सोया था। रात करीब ढाई बजे मकान के गेट पर आवाज लगी की हम पुलिस वाले बोल रहे हैं, जल्दी मकान खोलो। जैसे ही मकान के गेट खोले तभी चार बदमाश मकान में घुस गए। बदमाशों ने उन्हें, उनके बेटे योगेश, पत्नी और पुत्रवधू को तमंचे से आतंकित कर दिया।
इसके बाद हाथ-पैर बांध दिया। फिर बदमाशों ने मकान से करीब सवा लाख रुपये की नगदी, तीन भैंसें, सोने-चांदी के आभूषण, बैट्री इनवर्टर, डीजे के स्पीकर समेत अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। जाते जाते बदमाशों ने धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद बदमाश पुरनपुर नवादा गांव की तरह को ट्रक से फरार हो गया। इसके बाद वारदात की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर एएसपी अजीजुल हक, सीओ श्वेताभ पांडेय और चांदीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर बदमाशों को तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने चांदीनगर थाना में तहरीर दी। एसपी रवि शंकर छवि ने कहाबदमाशों की गिरफ्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़कर लूटे गए पशु और सामान बरामद कर लिया जाएगा।