छह बदमाशों ने हथियारों के बल पर मंगलवार की रात करीब दस बजे बागपत-मेरठ मार्ग पर स्थित चौहन्दा नहर पर आठ दैनिक रेल यात्रियों के साथ लूटपाट की। बाद में यात्रियों ने साहस कर एक बदमाश को दबोच लिया और मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया।
मंगलवार को दिल्ली में नौकरी करने वाले दैनिक यात्री करीब पौने दस बजे पैसेंजर ट्रेन से बागपत रोड स्थित टटीरी स्टेशन पर उतरे। स्टेशन से निकलकर यात्री घरों को चले तो मेरठ-बागपत मार्ग पर टटीरी और मीथली के बीच स्थित चौहन्दा नहर पर छह बदमाशों ने यात्रियों को रोक लिया और हथियारों के बल पर लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाशों ने गौरीपुर हबीबपुर के प्रदीप से एक हजार रुपये नगद और मोटर साइकिल, गांव के ही अमित से करीब ढाई हजार रुपये की नगदी लूट ली। इसके अलावा बदमाशों ने आठ यात्रियों से नगदी समेत अन्य सामान भी लूटा। कुछ यात्री साहस कर बदमाशों से भिड़ गए, इससे घबराकर बदमाश भागने लगे तो लोगों ने एक बदमाश को दबोच लिया। वह गाजियबाद का बताया जाता है।