बागपत। विधानसभा चुनाव में वोटरों को मत न डालने देने के आरोप के ढ़िकाना गांव के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के
गांव ढ़िकाना में शनिवार को मतदान के दौरान कुछ लोग मतदाताओं को डरा-धमकाकर वोट न डालने का दबाव बना रहे हैं। उनके डर से काफी लोग वोट डालने के लिए बूथ पर नहीं जा पा रहे थे। इस दौरान कई मतदाताओं को तो भुगत लेने की धमकी भी दे दी गई थी। इसकी शिकायत अफसरों से की गई थी। डीएम ह्दय शंकर तिवारी और एसपी अजय शंकर राय ने वहां पर पहुंचकर मतदाताओं को सुरक्षा का भरोसा दिया था। इसके बाद बूथ पर पहुंचकर वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस मामले को अफसरों ने बेहद ही गंभीरता से लिया। बड़ौत कोतवाली में पुलिस की ओर से कालू, यशवीर, इकबाल, पवन और सुल्तान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। सीओ कर्मवीर सिंह ने कहा केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।
पुलिस सहारनपुर और मुरादाबाद के लिए भेजी
बागपत। दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए जनपद से पुलिस वाले सहारनपुर और मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। एसपी अजय शंकर राय ने अनुशासन में रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जनपद में 11 फरवरी को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। दूसरे चरण का 15 फरवरी को होने वाले चुनाव कराने के लिए पुलिस लाइन से पुलिस वाले सहारनपुर और मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले एसपी अजय शंकर राय ने सभी पुलिस वालों को ब्रिफ किया। उन्होंने कहा प्रत्येक पुलिस वाला ईमानदारी और लगन से अनुशासन में रहकर ड्यूटी करें। किसी के बहकावे में न आए। बाद में हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस मौके पर एएसपी अजीजुल हक, सीओ श्वेताभ पांडेय, सीओ कर्मवीर सिंह, आरआई राजवीर सिंह आदि रहे।
पुलिस वालों को खिलाई मिठाई
बागपत। जनपद में चुनाव के समय अच्छी तरह ड्यूटी करने पर अफसरों ने पुलिस वालों की पीट थपथपाई। इस दौरान उनको मिठाई भी खिलाई गई।