आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बैठक करते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। शहर के युवक फरीद की गोली लगने से मौत के मामले में व्यापारियों ने कहा कि पुलिस ने सिपाही के घर पर हमला करने गए आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि निर्दोष तीन युवक और एक कांस्टेबल जेल में हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से उनकी जल्द रिहाई की मांग की है।
संयुक्त व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन व बागपत व्यापारी एसोसिएशन की मंगलवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि फरीद की मौत के मामले में पुलिस ने तीन निर्दोष युवकों हितेश, सोनू और मोनू के अलावा कांस्टेबल जितेंद्र को जेल भेजा था। सिपाही रघुवीर के घर पर हमला करने के आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी अब तक गिरफ्तार नहीं किया है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से निर्दोषों को जेल से रिहा करने की मांग की है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय चौहान की अध्यक्षता और अजय गोपी के संचालन में हुई व्यापारी नेता नंदलाल डोगरा, सुरेंद्र वर्मा, संजय रुहेला, कुलभूषण जैन, रामलाल गुलयानी, राजीव गुप्ता, ठाकुरदास, हरपाल टोक, सुरेंद्र गोयल, बाबूराम गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, संटी अरोरा, दीपक सिंघी, संजय चावला, कृष्ण, सोनू अरोरा, राजेश खुराना प्रवीन चौहान मौजूद रहे।