अमीनगर सराय। डौला गांव के युवक की गला दबाकर हत्या कर शव को बोरे में बंद करके खेत में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह उसका शव पिलाना के जंगल में पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते पड़ोस की युवती के परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी।
डौला गांव के युवक दीपक (22) पुत्र महावीर शनिवार की रात में रहस्यमय ढंग से गायब हो गया । इसका पता चलने पर परिजनों ने उसको आसपास काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
सोमवार सुबह सांकल पुट्ठी गांव के किसान विजय पाल के खेत में बंद बोरे में दीपक का शव पड़ा हुआ था। खेत में काम करने गए कई किसानों की बोरे पर नजर पड़ी तो उन्होंने लोगों को जानकारी दी।
पुलिस ने बोरा खोलकर शव निकाला। एएसपी अजय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के पिता ने लड़की की मां बबली, पिता राजू सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। देर रात पुलिस ने लड़्की के पिता को गिरफ्तार कर लिया। किसानों की सूचना देने के बाद पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई थी। किसानों ने बताया कि पुलिस कई घंटे बाद पहुंची।
आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर मारा गया प्रदीप
अमीनगर सराय। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक दीपक का पिछले कई वर्षों से अपने पड़ोस की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को दीपक अपने प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पर पहुंच गया।
वहां पर उसको युवती के परिजनों ने आपत्ति जनक स्थिति में देख लिया। उसकी पहले बुरी तरह से पिटाई की। बाद में गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। उधर, दीपक के परिजनों ने कहा दीपक को युवती के परिजनों ने बहाने से बुलाया था।
युवती ने दी थी प्रेमी की पिटाई की जानकारी
अमीनगर सराय/बागपत। सूत्रों की माने तो युवती ने ही अपने प्रेमी की परिजनों द्वारा पिटाई और लापता करने की जानकारी उसके परिजनों को दी। वहीं अपने प्रेमी का मोबाइल और चप्पल अपने घर से उनके परिजनों को देकर आई।
उधर, पुलिस अफसरों ने लड़की के बयान लिए तो उसने बताया कि उसका, दीपक से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शनिवार की रात में प्रदीप उनके घर में आया। परिजनों ने उसे देख लिया था।
हाथ पर गुदवा रखा था प्रेमिका का नाम
बागपत। परिजनों ने बताया कि तीन साल पहले लड़की के परिजनों ने खेत में सब्जी की फसल की बुआई कर रखी थी। उस समय दीपक जुगाड़ चलाता था। वह उनके खेत से सब्जी लेने जाता था। तभी उसका प्रेम प्रसंग हो गया था। उसने हाथ पर प्रेमिका का नाम गुदवा रखा था।