बागपत। बड़ौत क्षेत्र के एक गांव की महिला के कपड़े फाड़ने के मामले में आरोपी दरोगा पर गाज गिर सकती है। एसपी अजय शंकर राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ौत सीओ को केस की जांच सौंपी है।
महिला ने दो दिन पहले एसपी दफ्तर पर पहुंचकर एसपी को बताया था कि क्षेत्र की पुलिस चौकी पर तैनात एक दरोगा ने घर पर आकर उसके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की। इसकी शिकायत डीआईजी से कर दी गई थी। इसी कारण 14 मार्च की रात करीब आठ बजे आरोपी दरोगा अपने साथ दो पुलिसवालों को लेकर उनके घर पर पहुंचा। आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए थे। शोर सुनकर उसका पति आया तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई की थी। आरोप है कि दरोगा ने यह धमकी दी थी कि पुलिस अफसरों से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। इससे उनका पूरा परिवार काफी भयभीत है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस अफसर इसको गंभीरता से ले रहे हैं। दारोगा पर इस केस में कार्रवाई हो सकती है। एसपी अजय शंकर राय का कहना है कि मामले की जांच बड़ौत सीओ को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थाने से प्रेमी के साथ गई युवती
अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर थाने पहुंची युवती ने कहा कि उसका किसी ने अपहरण नहीं वह तो अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई थी। उसके साथ ही रहेगी। उसने परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस ने उसको प्रेमी के साथ भेज दिया। कस्बा निवासी व्यक्ति ने एसपी से शिकायत की थी कि उसकी नाबालिग बेटी को गाजियाबाद के लोग जबरदस्ती घर से ले गए है। चार भाईयों ने उसके साथ शादी कर ली है और यातनाएं दे रहे है। पुलिस तभी से लड़की की बरामदगी के प्रयास में लगी हुई थी। लड़की शुक्रवार को थाने में पहुंची। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाया। लड़की ने सभी के सामने कहा कि वह बालिग है, अपनी मर्जी से घर से गई थी और अब भी अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। उन दोनों ने शादी कर ली है। उसने अपने परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया। यह सुनकर उसके परिजनों ने पुलिस को लिखकर दे दिया कि वे इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते है। बाद में पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती का कहना है कि लड़की अपने पति के साथ चली गई है।