बड़ौत में घायल बीएसएफ के जवान का इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली से ट्रेन में बड़ौत आ रहे बीएसएफ जवान के बीड़ी पीने से मना करने पर यात्रियों ने जमकर पिटाई और उसे ट्रेन के डिब्बे से फेंकने का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल राजपाल पुत्र मुख्यतार सिंह टीकरी कस्बे का रहने वाला है। वह बीएसएफ में जवान है और हाल में गुजरात में तैनात है। वह गुजरात से छुट्टी लेकर टीकरी कस्बे के लिए चला था।
जब वह दिल्ली से सहारनपुर ट्रेन में बड़ौत के लिए सवार हुआ तो अग्रवाल मंडी टटीरी के बाद कुछ यात्री बीड़ी पीने लगे तो उसने मना किया। उस पर उनके साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद 15-20 लोगों ने मारपीट कर दी। बाद में उसे ट्रेन से फेंकने का भी प्रयास किया। इसी बीच हमलावर अलावलपुर हाल्ट के पास उतरकर भाग गए।
लोगों ने घायल जवान को बड़ौत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों के सूचना देने पर भी जीआरपी पुलिस ने घायल जवान की सुध लेने की जरूरत नहीं समझी।। इससे परिजनों में आक्रोश है। जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा उनकी जानकारी में यह मामला नहीं है।