हलालपुर गांव में राजीव की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
छपरौली। हलालपुर गांव में किसान राजीव उर्फ रौजी (38) की ईंटों से कुचलकर हत्या करने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया है कि शराब पीते समय गाली देने पर दोस्तों ने ही राजीव को मौत के घाट उतारा है। खुद को फंसने के डर से आरोपियों ने उसके शव को ईख के खेत में गन्ने की पत्तियों छुपा दिया था।
परिजनों के मुताबिक राजीव उर्फ रौजी को सोमवार को शाम के समय गांव के ही तीन युवक घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद राजीव वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। जो युवक उसे लेकर गए थे, उनसे जानकारी की तो उन्होंने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया था।
मंगलवार को देर शाम किसान ओमपाल सिंह के गांव से सटे खेत में उस समय राजीव का शव दिखाई दिया, जब पड़ोसी किसान अपने खेत में पानी चला रहा था। शव गन्ने की पत्तियों से ढका हुआ था। शव मिलने की जानकारी मिलते ही गांव के काफी लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही एसपी रवि शंकर छवि और छपरौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। मृतक के पिता जगमोहन सिंह ने गांव के ही सुनील कश्यप, अंकित और देवेंद्र के खिलाफ सुभाष की हत्या करने का आरोप लगाते हुए छपरौली थाना में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रमाला सीओ राजवीर सिंह ने कहा हिरासत में आरोपी सुनील और अंकित ने बताया हम लोग राजीव के साथ गांव के बंद पड़े गन्ना क्रेशर में शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनका किसी बात पर राजीव से विवाद हो गया। राजीव ने उन्हें गाली दे दी थी। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने राजीव की ईंटों से पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना का किसी को पता न चले, इसलिए शव को खेत में डाल आए थे। सीओ ने कहा फरार आरोपी देवेंद्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका था राजीव
बागपत। छपरौली थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा राजीव शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका था। उसके खिलाफ शराब तस्करी के चार मुकदमे दर्ज हैं।