बागपत । बड़ौत में युवक राकेश को जान से मारने की नियत से 11 मार्च को पारा पिलाया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। राकेश के परिजनों ने उसकी पत्नी समेत पांच लोगों पर पारा पिलाने का आरोप लगाते हुए झिझाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना बड़ौत की होने के कारण पुलिस ने केस बड़ौत ट्रांसफर कर दिया है। बड़ौत पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शामली के झिझाना थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मणपुर निवासी हरवीर सिंह ने पुलिस को शिकायत कर बताया उसके बेटे राकेश की शादी बिनौली क्षेत्र के बड़ावद गांव की युवती पवित्रा के साथ हुई थी। राकेश अपनी पत्नी के साथ बड़ौत कस्बे में रहता था। उसका किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से मनमुटाव हो गया था।
आरोप है पवित्रा ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर 11 मार्च 2016 को जान से मारने की नियत से धोखे से राकेश को पारा पिला दिया था। इससे उसकी तबियत बिगड़ गई थी। उसका काफी उपचार कराया। इस मामले में आरोपी पवित्रा, मोहरू, ब्रहम चंद, बिट्टू, काला उर्फ परविंदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। घटना झिझाना क्षेत्र की नहीं थी, इसलिए वहां की पुलिस ने केस को बड़ौत कोतवाली पर ट्रांसफर कर दिया है।
बड़ौत पुलिस ने केस को दर्ज कर लिया है। केस के विवेचक एसआई नसीम अहमद का कहना है कि राकेश को पारा पिलाने का आरोप पवित्रा (राकेश की पत्नी) और उसके मायके वालों पर है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।