खेकड़ा। थाना चांदीनगर पुलिस ने कई जिलों में सक्रिय लूट गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लूटपाट की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए लूटेे मोबाइल और नगदी बरामद की।
छह अप्रैल की रात्रि में करीब दस बजे नोएडा से अपने गांव सिंगौली तगा ड्यूटी कर बाइक पर सवार होकर लौट रहे बाइक सवार पवन, नितिन, विरेंद्र त्यागी, शिवकुमार समेत कई लोगों से बदमाशों ने लूटपाट की। तभी से पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी खेकड़ा संजीव सुमन ने सोमवार को लूटपाट की तीन घटनाओं का खुलासा कर बताया थाना प्रभारी चांदीनगर राजपाल सिंह ने उक्त लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को चुनौती के रूप में लेकर उनका सुराग लगाने में ताबड़तोड़ दबिश दी।
रविवार की शाम करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर भागौट से दादी जी महाराज के मंदिर की तरफ जा रहे एक युवक को थाना प्रभारी ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। थाने ले जाकर तलाशी लेने के बाद उसके पास से एक तमंचा, कारतूस बरामद हुए। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सतीश निवासी ग्राम भागौट थाना चांदीनगर बताया।
पूछताछ में बताया उसने अपने गांव के साथी राहुल, मुन्ना एवं मंदीप के साथ मिलकर छह अप्रैल की रात्रि मे लूट की । इसके अलावा उसने खेकड़ा व चांदीनगर क्षेत्र में कई लूट कीं। पुलिस ने लूट के आरोपी को चालान कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा। थाना प्रभारी ने बताया गाजियाबाद, नोएडा में भी एक दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके है।