पहले शराब पिलाई, फिर युवक को पीटा
बागपत। मोहल्ला देशराज में बृहस्पतिवार रात शराब पिलाकर युवक के साथ मारपीट की। इसमें वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर हजारों की नगदी और बाइक भी उठा ले गए है। उसने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला देशराज निवासी विनोद ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम वह अपने रिश्तेदार से 50 हजार रुपये लेकर आया था। रात नौ बजे के करीब चार युवक आए और उसे शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए। पहले उसे शराब पिलाई और उसके अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब वह जान बचाकर अपने घर में घुसा तो हमलावर घर में भी घुस गए। यहां पर भी उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावर घर में रखी 50 हजार की नगदी और बाइक भी उठा ले गए है। उसने शुक्रवार सुबह कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है।