बड़ौत (बागपत)।
बुधवार को लुहारी गांव में उधार दिए गए पैसों का तगादा करने गए एक व्यक्ति को महंगा पड़ा। उन्होंने घर पर हमला बोल पथराव किया और धारदार हथियारों से दो महिला समेत चार लोगों को घायल कर दिया। इस संबंध में उन्होंने रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। अब आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
लुहारी गांव के प्रमोद ने गांव के ही एक व्यक्ति को 1.34 लाख रुपये दो किस्त में उधार दिए, काफी दिन से वह पैसों के लिए तगादा कर रहा था, लेकिन वे आनाकानी कर रहे थे। बुधवार को जब प्रमोद उससे पैसों का तगादा करने पहुंचा तो वे लोग एकत्र हो गए और उन्होंने प्रमोद की पिटाई शुरू कर दी। जब वह भागकर घर आया तो हमलावरों ने उनके घर पर पथराव कर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपी हाथ में बलकटी और तमंचे लिए हुए थे। इस हमले में प्रमोद, उसकी पत्नी सुनीता, बेटा शनि और पुत्रवधू घायल हो गए। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी बृहस्पतिवार को देर शाम तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ितों ने कहा आरोपी अब परिवार को मारने की धमकी दे रहे हैं।