बड़ौत (बागपत)।
सीमा पुरी, दिल्ली की पुलिस ने कोतवाली पुलिस के साथ दिल्ली में गहनों की लूट के मामले में नार्मल स्कूल के सामने स्थित सुनार की एक दुकान में छापा मारा और वहां से कई लाख रुपये के लूटे गए गहने बरामद किए। पुलिस दुकान मालिक सुनार और उसके बेटे को पूछताछ के लिए दिल्ली साथ ले गई।
सीमा पुरी दिल्ली के एएसआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस वहां लूटे गए सोने के जेवरात के मामले में एक आरोपी रामू निवासी बड़ावद हाल आजाद नगर को लेकर शुक्रवार की रात में कोतवाली बड़ौत पहुंची और वहां से एसआई पंकज कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धर्म सुनार की दुकान में छापा मारा। पकड़े गए रामू ने बताया कि उसने वहां से लूटे गए गहने धर्म प्रकाश और उसके बेटे शक्ति को बेचे हैं। दिल्ली पुलिस ने लूटे गए कुछ सोने के गहनों सहित धर्म सुनार और उसके बेटे शक्ति को अपने साथ ले गई है। इससे एक दिन पहले भी मोनू नामक सुनार को दिल्ली पुलिस ने उठाया । यहां से कितने गहने प्राप्त हुए हैं, यह जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही वहां की पुलिस से संपर्क हो पाया है। दिल्ली पुलिस की छापेमारी के कारण शहर के सुनारों में हड़कंप मच गया। कहीं पकड़ा गया आरोपी उनका नाम न ले दे वे भूमिगत हो गए हैं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली की पुलिस आई और वह दो लोगों को अपने साथ ले गई है। उन्होंने लूटे गए जेवरात बदमाशों से खरीदे थे।