बागपत। यमुना नदी में छह दिन पहले डूबे युवक का शव मिल गया है। पक्का घाट से एक किलोमीटर आगे नदी में शव बहता मिला। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस को कोई कानूनी कार्रवाई न करने के लिए लिखित में दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पक्का घाट बागपत के पास 25 फरवरी को मोहल्ला ईदगाह निवासी रियासत पुत्र नूर मोहम्मद तैरकर यमुना नदी पार कर रहा था। पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया। गोताखोरों ने कई घंटे तक उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। 26 फरवरी को एनडीआरएफ की टीम और पुलिस ने पानी के अंदर 10 किलोमीटर तक युवक की तलाश की, लेकिन टीम को भी कोई सफलता नहीं मिली । परिजन उसी दिन से नदी किनारे हर दिन युवक को तलाश करने के लिए जाते। शनिवार को पक्का घाट से एक किलोमीटर आगे युवक का शव पानी में बहता मिला। सूचना पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने शव को नदी से बाहर निकाल लिया। युवक की मौत की सूचना पर परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। पत्नी अफसाना और मां जुमरत का रोकर बुरा हाल था। भाई राशिद ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। चार साल का रिहान और दो साल की बेटी महक है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंपा। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि नदी में डूबे युवक का शव मिल गया है।