डीसीओ के साले से बाइक लूटी, जान से मारने की धमकी
बागपत। गुराना रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षक को तमंचे से डराकर बाइक, नकदी और मोबाइल लूट लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग निकले। पीड़ित रिश्ते में जिला गन्ना अधिकारी सुशील का साला है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पहले भी रोड पर वारदात हो चुकी है।
डीसीओ सुशील कुमार का साला मनीष कुमार ग्वालीखेड़ा के संस्कृत महाविद्यालय में शिक्षक है। शुक्रवार शाम छह बजे वह दोघट में अपनी बुआ से मिलकर बाइक पर सवार होकर वापस ग्वालीखेड़ा लौट रहा था। जैसे ही वह गुराना के निकट पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक रूकवा ली। इसके बाद दोनों बदमाश उसे नजदीक की ट्यूबवैल पर ले गए। यहां मनीष को जाने से मारने की धमकी दी गई। उससे मोबाइल और ढाई हजार रुपये की नकदी लूट ली। भागते हुए बदमाश बाइक भी लूट ले गए। पीड़ित ने हंडे्रड डायल को कॉल की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पीड़ित किसी तरह बड़ौत कोतवाली पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी जयप्रकाश का कहना है कि मामले की छानबीन कराई जा रही है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई जगह छापेमारी की। कांबिंग कराई गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। जिस जगह वारदात हुई, पहले भी यहां कई बार लूटपाट हो चुकी है।
------------