अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो साल की बच्ची के साथ 55 वर्षीय अधेड़ ने अश्लील हरकत की। इस मामले में बैठी पंचायत के बीच पहुंचकर आरोपी ने माफी मांगी। पंचों ने सुलह समझौता करा दिया। पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई नहीं की।
बच्ची बृहस्पतिवार को दोपहर के समय अपने मकान के बाहर खेल रही थी। पड़ोस का ही 55 वर्षीय व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने घेर में ले गया। उसने वहां बच्ची के साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी । पड़ोस के मकान की छत पर बच्ची की मां कपड़े सूखा रही थी। उसको बच्ची के रोने की आवाज सुनी दी, तो उसने छत से देखा तो व्यक्ति बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए। आरोपी मौका पाकर भाग गया। बच्ची की मां ने सारी घटना परिजनों को बताई। इस मामले में गांव के जिम्मेदार लोगों ने पंचायत की। आरोपी ने पंचायत में पहुंचकर अपनी गलती मानी। पंचों ने उसको माफ कर दिया। पीड़ितों ने भी पुलिस कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस और न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।