बागपत। इब्राहिमपुर गावड़ी गांव से साढ़े चार माह से अपहृत किशोरी की बरामदगी की मुख्यमंत्री से गुहार लगाई जा चुकी है। अभी तक न लड़की बरामद हुई और न ही आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़ितों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन कर बिटिया की बरामदगी की मांग की।
किशोरी के पिता ने बताया उसकी बेटी 16 फरवरी को गोबर डालने गई थी। रास्ते से ही उसका अपहरण किया। पता चलने पर थाने में शिकायत की । थाना पुलिस ने सहीं कार्रवाई करने का आश्वासन देकर तहरीर से चार नाम निकलवा दिए थे। पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अफसर ही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से कार्रवाई की मांग की ,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसको आशंका है कि आरोपियों ने उसकी बेटी की हत्या कर दी है। उसकी मांग की उसकी बेटी जिंदा या मुर्दा मिलनी चाहिए। पीड़ितों ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ एसपी दफ्तर पर पहुंचकर लड़की की बरामदगी की मांग की। इस मौके पर जयसिंह, भीम सिंह, टीकाराम, धूम सिंह, कृष्णपाल, जय करण, मालती, मंतेश, सत्यवीरी, बालेश आदि रही। इसके अलावा हिलवाड़ी गांव के लोगों ने अपहृत लड़की की बरामदगी की एसपी से मांग की है। एसपी ने उनको लड़की बरामद कराने का आश्वासन दिया है।
पलड़ी से तीन माह से
अपहृत किशोरी बरामद नहीं
बागपत। पलड़ी गांव से तीन माह से अपहृत किशोरी को पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर पाई है। परिजनों ने कहा लड़की 4 अप्रैल को घर से किसी काम से बाहर गई थी। इसके बाद वापस घर नहीं लौटी थी। रास्ते से ही गांव के तीन-चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस ने केवल एक ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी शादीशुदा है। उसको भी अभी तक गिरफ्तार नहीं किया । पीड़ितों ने एसपी से लड़की की बरामदगी और वारदात में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है।