खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के बड़ागांव निवासी किसान देवेंद्र त्यागी ने गांव के जंगल में स्थित खेत में गन्ने की फसल बो रखी है। गन्ने की फसल के ऊपर से गुजर रही जर्जर हाल लाइन में आए दिन स्पार्किंग के साथ ही तार टूटकर गिरते रहते हैं। बुधवार की दोपहर करीब दो बजे जर्जर हाल लाइन में स्पार्किंग होने पर किसान देवेंद्र की गन्ने की फसल मेें आग लग गई। सूचना मिलने पर फायरकर्मी जयप्रकाश सिंह, सतबीर व मोहित भी मौके पर पहुंचे। किसानों एवं फायर कर्मियों ने प्रयास कर आग बुझाई। तब तक किसान की दो बीघा ईख जल चुकी थी। पीड़ित ने अधिकारियों से जर्जर हाल लाइनों को बदलवाने एवं जली गन्ने की फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की।