खेकड़ा (बागपत)।
खेकड़ा नगर में एक विशेष समुदाय के युवक ने दूसरे समुदाय की युवती से शादी कर ली। सूचना मिलते ही युवती के परिजनों ने युवक और युवती की जमकर पिटाई कर दी। इससे हंगामा हो गया। युवती के परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शादी करने वाले युवक और युवती को हिरासत में ले लिया। इससे दोनों समुदाय के लोगों में तनाव की स्थिति बनी है।
खेकड़ा नगर में एक विशेष समुदाय के युवक ने दूसरे समुदाय के व्यक्ति की दुकान किराये पर रखी है। दुकान किराये पर लेने के कुछ दिन बाद विशेष समुदाय के युवक का दूसरे समुदाय के मकान मालिक की पुत्री से प्रेम प्रसंग हो गया। इसके चलते कुछ दिन बाद ही दोनों ने शादी करने की ठान ली। दोनों ने कुछ दिन पहले शादी कर ली। जब युवती के परिजनों को मामले की भनक लगी तो वह आपा खो बैठे और उन्होंने पहले तो दोनों की जमकर धुनाई दी। इससे हंगामा हो गया। इसके बाद युवती के परिजनों ने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस टीम ने क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखकर मामले को शांत करने के लिए शादी करने वाले युवक और युवती को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। मामला अलग अलग समुदाय के युवक और युवती के शादी करने के कारण केस नगर में चर्चा का विषय बना है। साथ ही दोनों समुदाय के लोगों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस अधिकारी दोनों को पक्षों को समझाकर मामले को कंट्रोल करने में जुटे हैं। थाना प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि नगर में शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी। यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।