विवाहिता को गला दबाकर मारने की कोशिश
बागपत। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ससुराल वालों ने गला दबाकर मारने की कोशिश की गई। वे बेहोशी की हालत में महिला को बड़ौत के पास बिनौली-मेरठ मार्ग पर फेंक कर भाग गए। इस संबंध में महिला ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बड़ौत निवासी राजेश ने 10 मई 2014 को अपनी बेटी नेहा की शादी बिनौली निवासी अमित के साथ की थी। दहेज कम लाने को लेकर ससुराल वाले शादी के बाद से ही नेहा को प्रताड़ित करने लगे थे। अब उसके एक बेटी भी है। आरोप है कि ससुराल वाले अब दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। 15 अप्रैल को नेहा ने दहेज लाने से मना कर दिया तो ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंधक यातनाएं दीं और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। जब महिला बेहोश हो गई तो उसे गाड़ी में डालकर बड़ौैत के पास मेरठ-बिनौली मार्ग पर फेंककर भाग गए। महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस मामले में नेहा ने महिला थाना बागपत में पति अमित, ससुर कृष्णपाल, सास विमलेश और देवर अनुज के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।