बागपत। गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया। इस बीच हुई हर्ष फायरिंग की पुलिस ने जांच की तो गुराना के प्रधान रणधीर का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
बुधवार को गोरखपुर और फूलपुर में सपा की हुई जीत की खुशी में सपा कार्यालय में जश्न मनाया जा रहा था। पार्टी कार्यकर्ता गुलाल उड़ा रहे थे। इसी दौरान सपा कार्यालय पर पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। बृहस्पतिवार को एसपी जयप्रकाश ने मामले को गंभीरता से लेकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की जांच की तो फायरिंग करने वाले सपा कार्यकर्ता का नाम प्रकाश में आया। एसआई बाजी लाल भास्कर ने गुराना के ग्राम प्रधान रणधीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जिस लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की गई है, उसका लाइसेंस भी निरस्त कराया जाएगा।