बागपत। किसान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के रमाला दौरे की जिला प्रशासन में तैयारी चल रही है। पुलिस अफसर तैयारी में लगे हैं। सुरक्षा में कोई चूक न रहे। इसलिए किरायेदारों का सत्यापन कराया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से दूसरे जनपदों से पुलिस भी आएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ 23 दिसंबर को किसान दिवस पर बागपत में पहुंचकर रमाला चीनी मिल के कोजन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम निर्धारित होने के बाद से ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर तैयारी में लगे हैं। अधिकारी अपने-अपने विभाग का रिकार्ड पूरा करने में लगे हैं। डीएम भवानी सिंह खंगारौत और एसपी जय प्रकाश सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने में लगे हैं और समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। कोई माहौल न बिगाड़ दे, इसके लिए खुफिया तंत्र गोपनीय रूप से जांच में लगा है। हाल-फिलहाल बागपत में आकर किराए पर रहने वालों पर भी अफसरों की नजर है। इसके लिए उनका सत्यापन कराने की तैयारी की जा रही है। जनपद में पुलिस की कमी को देखते हुए दूसरे जनपदों से पुलिस मंगवाने की मांग की। एसपी जय प्रकाश ने कहा सुरक्षा के मद्देनजर किरायेदारों का सत्यापन कराया जाएगा। थाना पुलिस की टीम घर-घर जाकर इसकी जांच करेगी। संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा दूसरे जनपदों की पुलिस सीएम की सुरक्षा में लगाई जाए, इसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस
बागपत। एसपी ने कहा सीएम की सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहेगी। कार्यक्रम के अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी।
होटल, ढाबों की होगी चेकिंग
बागपत। पुलिस ने कहा सीएम के आने से पहले जनपद के होटल, ढाबों, धर्मशाला समेत अन्य स्थानों की चेकिंग की जाएगी।