युवक से नगदी, मोबाइल और बाइक लूटी
बड़ौत। आवास विकास कालोनी से अपने गांव रहतना जा रहे एक युवक से रंछाड़ के पास दो बदमाशों ने तमंचों के बल पर हजारों की नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली। बाद में जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
लूट का शिकार हुआ मोहित उर्फ टिंकू रहतना गांव का रहने वाला है। वह बड़ौत के आवास विकास कालोनी में स्कूली ड्रेस बनाने का काम करता है। बृहस्पतिवार देर शाम बड़ौत से बाइक पर बामनौली-रंछाड़ होते हुए गांव रहतना जा रहा था। जब वह बामनौली-रंछाड़ मार्ग पर रंछाड़ गांव के पास पहुंचा तो दो तमंचेधारी बदमाशों ने उसे रोक लिया। उससे पांच हजार रुपये की नगदी, मोबाइल और बाइक लूटकर जान से मारने की धमकी दी। बाद में वे रंछाड़ की ओर भाग निकले। किसी तरह उसने गांव में सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की। लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में मोहित ने बिनौली थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।