अहमदनगर गांव में युवक की हत्या
चांदीनगर (बागपत)। थाना खेकड़ा क्षेत्र के अहमदनगर गांव के पास एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
गांव अहमदनगर से घिटौरा गांव को जाने वाली मार्ग पर रविवार को सुबह के समय किसान कालूराम के खेत में पास खड़ंजे पर शव पड़ा था। सुबह को किसान और दौड़ लगाने वाले युवक वहां से गुजरे तो उनकी शव पर नजर पड़ी। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ खेकड़ा संजीव सुमन, खेकड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक लाल शर्ट पहने हैं। उसकी आंख, गले, छाती और पेट पर गोली लगी है। पुलिस ने शव की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को वहां से गोली के खोखे भी बरामद हुए। खेकड़ा थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया शव की शनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक की हत्या किसने और क्यों की। इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।