बागपत। सिरसलगढ़ निवासी हर्षवर्धन ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी कई साल पहले आजमपुर मुलसम गांव निवासी युवक के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद दहेज को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया था। उनकी बेटी मायके आ गई और उसने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। मंगलवार को पिता व बेटी न्यायालय में तारीख पर जा रहे थे। जब वे कचहरी के पास पहुंचे तो ससुराल वालों ने उन्हें रोक लिया और फैसला करने का दबाव बनाने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों मेें जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस झगड़ा कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया।