छपरौली थाना क्षेत्र के बौढ़ा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या की आशंका जताकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में अभी तक थाने पर तहरीर नहीं दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
सहारनपुर जनपद के बिशनपुर गांव निवासी चैन पाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी मोनिका की शादी चार दिसंबर 2015 को छपरौली थाना क्षेत्र के बौढ़ा गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र राम पाल से की। शादी के तीन साल बाद कोई औलाद न होने पर ससुराल वाले मोनिका को प्रताड़ित करने लगेे। उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे। मोनिका ने कई बार पिता से फोन पर इसकी शिकायत की। सोमवार की दोपहर दो बजे के लगभग ससुराल वालों ने फोन पर जानकारी दी कि कि मोनिका की बुखार के कारण पानीपत के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। शव को ससुराल वाले घर लेकर आ गए। सूचना मायके वाले बौढ़ा गांव में पहुंचे। ससुराल वालों ने शव के अंतिम संस्कार कर तैयारी कर रखी थी। उन्होंने विवाहिता के कपड़े देखे तो वे फटे थे। इससे मायके वालों को कुछ शक हुआ। उन्होंने बेटी की हत्या की आशंका जताकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में अभी तक मायके वालों ने थाने में तहरीर नहीं दी।
वहीं मृतक महिला के पति वीरेंद्र ने बताया कि उसे कई दिन से बुखार था। पानीपत के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। उसके साथ कोई भी मारपीट नहीं करता था। मायके वालों द्वारा लगाए आरोप गलत है। छपरौली थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों ने तहरीर नहीं दी। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।