दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में एमबीएफ ईंट भट्ठे पर सोमवार की रात बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। भट्ठे के पास खेत की रखवाली कर रहे किसान ने साहस दिखाकर तमंचे से हवाई फायरिंग की। गोली चलाते ही बदमाश कार में सवार होकर भाग गए। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ब्यूरो
दो दुकानों में हजारों की चोरी
दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में सोमवार की रात में बदमाशों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर नगदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मैन बाजार में स्थित सतेंद्र कुमार जिंदल ने बताया कि वे सोमवार की देर शाम दुकान बंद कर घर गए। सुबह दुकान पर आए तो ताले टूटे मिले। बदमाश यहां से दो हजार रुपये की नगदी समेत 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसी की बराबर में सुंदर हलवाई की दुकान के ताले तोड़कर पांच हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने बाजार में स्थित मोबाइल टावर में तोड़फोड़ की। दुकानदारों ने थाने में तहरीर नहीं दी। ब्यूरो
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया
दोघट (बागपत)। कस्बे में मुजफ्फरनगर जनपद निवासी फिरोज पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पुसार मार्ग से आरोपी शौकीन को पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है। एक आरोपी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा। ब्यूरो
जल भराव की समस्या से लोग परेशान
दोघट (बागपत)। पट्टी मादान स्थित शिव मंदिर में कस्बावासियों की बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि कई साल से पट्टी में मैन रास्ते पर जल भराव की समस्या बनी हुई है। जिस कारण स्कूली बच्चों व लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार नगर पंचायत में शिकायत की गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेयरमैन बबीता चौधरी को शिकायत की और चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। बैठक मेें सुरेश पाल, मनोज शर्मा, किरण पाल, बुद्ध प्रकाश, कृष्णपाल, धर्मवीर, ओमपाल, मदन, विनोद आदि रहे। ब्यूरो