बागपत। जिला अस्पताल में पर्ची बनवाने को लेकर हंगामा कर रहे व्यक्ति को होमगार्ड समझाने लगा। आरोपी ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए हाथापाई कर दी। इससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जिला अस्पताल में मरीजों की पर्ची बनवाने के लिए सोमवार को लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान वहां पर एक व्यक्ति पहुंचा और महिला-पुरूषों को पीछे हटाते हुए अपनी पर्ची बनवाने लगा। विरोध करने पर उनसे झगड़ा करने लगा। वहां पर तैनात होमगार्ड प्रदीप कुमार ने उसको समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया। आरोपी व्यक्ति, होमगार्ड के साथ बदसलूकी करने लगा। इतना ही नहीं हाथापाई कर वर्दी तक खींच डाली। इससे वहां पर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही अन्य पुलिस वाले वहां पर पहुंचे और आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। एसआई ब्रजपाल सिंह का कहना है कि हंगामा करने का आरोपी संतोषपुर-बाघू गांव का है। जो शराब का सेवन किए हुए है। उसका अस्पताल में मेडिकल करा दिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।