वाजिदपुर में युवक पर फायर झोंका
बड़ौत (बागपत)। वाजिदपुर गांव में सोमवार की रात में प्लाट की नींव पर जेसीबी चढ़ाने से मना करने पर जेसीबी चालक समेत चार लोगों ने प्लाट मालिक से गाली गलौच कर उस पर तमंचे से गोली चला दी। इससे वह बाल-बाल बच गया। बाद में ग्रामीणों ने जेसीबी चालक को पकड़ कर पीटा और पुलिस को सौंपा।
बबलू पुत्र ब्रजपाल वाजिदपुर गांव का रहने वाला है। वह सोमवार की रात में अपने प्लाट से गोबर की खाद ट्रैक्टर ट्राली में खेत में ले जाने के लिए भर रहा था। तभी जेसीबी लेकर उसका चालक आया तो प्लाट की नींव की ईट उखड़ने लगा। इस पर उसने जेसीबी चालक को बुरा भला कहा, तो वह जेसीबी छोड़कर चला गया और कुछ समय बाद चार लोगों को साथ लेकर आया और बबलू से गाली गलौच करने लगा। एक युवक ने तमंचे से गोली चला दी। इसमें बबलू बाल-बाल बच गया। बाद में ग्रामीणों ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया। अन्य वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने चालक की पिटाई की और पहुंची पुलिस को सौंपा। पुलिस चालक को हिरासत में ले लिया। जेसीबी चालक छोटू दत्तनगर का है। पुलिस पूछताछ कर रही है।