खेकड़ा में दोस्त ने ही धोखाधड़ी कर जमीन बेचने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये हड़प लिए। जमीन का बैनामा भी नहीं किया। पीड़ित ने खेकड़ा थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
खेकड़ा निवासी अजय कुमार पुत्र रामपाल की कस्बे के लिए रहने वाले लियाकत से दोस्ती थी। लियाकत की बागपत कोतवाली क्षेत्र के सूजरा गांव में भूमि है। जनवरी 2014 में लियाकत ने जमीन बेचने की बात कही और अजय कुमार से 11 लाख रुपये में सौदा कर लिया। एक लाख रूपये देकर एग्रीमेंट करा लिया। शेष के रुपये छह माह बाद देने का वादा हुआ। लियाकत ने अजय को दोस्ती का विश्वास दिलाकर एग्रीमेंट तुड़वा दिया और उससे साढ़े सात लाख रुपये उधार ले लिए। अब लियाकत उधार के रुपये नहीं लौट रहा है। जमीन का भी बैनामा कराने से इंकार कर दिया। पीड़ित ने घर पहुंचकर रुपये की मांग की तो उसे धक्के देकर भगा दिया। पीड़ित ने कोतवाली बागपत में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। शनिवार को कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी लियाकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।