दुष्कर्म के बाद की गई छात्रा की हत्या, पुलिस पर भड़के लोग
खेकड़ा (बागपत)। थाना क्षेत्र में कक्षा पांच की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। छात्रा के हाथ-पैर बांधकर लाश को बोरे में रख कस्बे के बाहर फेंक दिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव पीड़िता के घर पहुंचा तो पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। परिजनों ने करीब तीन घंटे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। श्मशान घाट में भी पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा।
खेकड़ा के एक मोहल्ले में रह रहे परिवार की कक्षा पांच में पढ़ने वाली दस साल की बिटिया की बोरे में बंद लाश मिली थी। चार डॉक्टरों के पैनल ने मासूम का पोस्टमार्टम किया। इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। परिजन जैसे ही शव को घर लेकर पहुंचे लोगों का आक्रोश भड़क गया। करीब साढे़ तीन घंटे तक पुलिस व्यवस्था से नाराज और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि मासूम के साथ दुष्कर्म हुआ है, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सीओ वंदना शर्मा पीड़ित परिवार के बीच पहुंची और जल्द ही गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। काफी समझाने पर परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में फांसी का फंदा लगाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्यारे ने वारदात के बाद मासूम के हाथ पैर बांधकर उसे बोरे में रखकर कस्बे के बाहर फेंक दिया गया था। पुलिस संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ वंदना शर्मा का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी जांच की।