बिनौली (बागपत)। थाना क्षेत्र के चंदायन गांव से बहला-फुसला कर ले जाई गई किशोरी को थाना पुलिस ने आरोपी युवक सहित उत्तराखंड के नैनीताल से बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए बागपत भेजा।
एक सप्ताह पहले चंदायन गांव का रहने वाला जाहिद अंसारी पुत्र जमील अंसारी 13 वर्षीय किशोरी को उस समय बहला फुसलाकर ले गया, जब वह दाहा मार्ग पर स्थित एक पब्लिक स्कूल में पढ़ने जा रही थी। इस संबंध में किशोरी के भाई ने बिनौली थाने में उक्त युवक को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया। हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने भी थाने पहुंचकर किशोरी की सकुशल बरामदगी व आरोपी को पकड़ने की मांग की थी। इसके बाद थाना पुलिस किशोरी को बरामद करने में जुट गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उत्तराखंड के नैनीताल पहुंचकर किशोरी को बरामद कर लिया है तथा आरोपी जाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को थाना पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की देखरेख में किशोरी को मेडिकल परीक्षण हेतु बागपत भेजा। एसएसआई बिनौली ओमकार सिंह ने कहा कि मेडिकल परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।