बागपत। खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र से छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में शिक्षिका लापता हो गई। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताकर कोतवाली तहरीर दी और एक युवक पर शक भी जाहिर किया, लेकिन पुलिस ने उनकी तहरीर नहीं ली। पीड़ित परिजनों ने एसपी बागपत से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिजनों ने एसपी बागपत को बताया कि खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र की एक युवक कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है और बीए की भी पढ़ाई कर रही है। सोमवार को वह घर से स्कूल के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी कई जगह तलाश की। उसका कहीं पता नहीं चला। माता-पिता ने खेकड़ा कोतवाली पहुंचकर बेटी के अपहरण की आशंका जताकर तहरीर दी। उन्होंने कस्बे के ही एक युवक पर उसे गायब करने का शक जाहिर किया। आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर लेने से इंकार कर दिया और एक कागज पर शिक्षिका नाम लिखकर उन्हें कोतवाली से टरका दिया। वे पिछले छह दिन से बेटी की बरामदगी के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने बेटी को सकुशल बरामद कराने की मांग की। एसपी ने उन्हें मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।