फैजपुर निनाना गांव के रास्ते में बना दी दीवार
बागपत। बिहारीपुर और फैजपुर निनाना गांव के लोगों के बीच रास्ते में दीवार को लेकर तनाव व्याप्त हो गया है। बिहारीपुर गांव के लोगों ने एसडीएम दफ्तर पहुंचकर शिकायत की। आरोप लगाया कि खेतों तक किसान के वाहन नहीं जा रहे है। कार्रवाई की मांग की गई।
शुक्रवार को बिहारीपुर गांव के लोग एसडीएम दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फैजपुर निनाना गांव में कुछ लोगाें ने रास्ते में दीवार खड़ी कर दी है। यह पूरी तरह अवैध है। कुछ लोगों ने प्रधान के साथ मिलकर दीवार को हटवाने की मांग की। लेकिन दीवार नहीं हटाई गई। गांव के किसान वाहनों से अपने खेतों तक नहीं जा पा रहे है। फसलों की सिंचाई करने में दिक्कत आ रही है। इसकी शिकायत डीएम दफ्तर पहुंचकर शिकायत कर चुके है, लेकिन समस्या जस की तस है। परेशानी बढ़ रही है। गांव के लोगों में दीवार को लेकर लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। कर्मवीर, कृष्णपाल, महावीर, प्रकाश, शीशपाल, हरेंद्र कुमार, विक्रम, ओमप्रकाश, जयपाल, सत्यपाल,वीरसैन, राशिद, राजकुमार मौजूद रहे। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।