साइड देने को लेकर हुआ था विवाद
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गुफा-बाबा मंदिर के पास ऑटो चालक से मारपीट कर कार सवार लोगों ने हजारों की नगदी और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने कहा साइड देने को लेकर कार सवारों से उसका बड़ौत में मामूली विवाद हुआ था। उसने पुलिस से घटना की शिकायत की है।
बड़ौत के नवयुग कॉलोनी निवासी सतेंद्र कुमार ने बताया वह ऑटो चलाता है। रविवार सुबह साइड देने को लेकर बड़ौत में कार सवारों ने उसके साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए थे। शाम करीब पांच बजे बागपत से सवारी लेकर बड़ौत लौट रहा था। आरोप है कि आरोपी कार सवारों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गुफा-बाबा मंदिर के पास उसको रोक लिया और मारपीट कर तमंचे के बल पर 1730 रुपये नगद, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर ले गए। जाते समय बदमाशों ने उसको जान से मारने की धमकी दी। कार का नंबर नोट कर लिया गया है। जो गाजियाबाद का है। उसने कोतवाली में घटना की शिकायत की है। कोतवाली पुलिस ने कहा मामला लूट का नहीं मारपीट का है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।