बड़ौत (बागपत)। कर्नाटक के बंगलूरू पुलिस ने बड़ौत की कांशीराम कॉलोनी में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस बड़ौत में डेरा डाले है। धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी हो रखे हैं।
बंगलुरु सिटी कोतवाली के हेड कांस्टेबल सुरेश टीम के साथ बड़ौत कोतवाली पहुंचे। स्थानीय पुलिस को लेकर कांशीराम कॉलोनी में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले। हेड कांस्टेबल सुरेश ने बताया कि वर्ष 2015 में बड़ौत की कांशीराम कॉलोनी निवासी मोहम्मद सादत पुत्र खालिद, लाली और लवली बेगम ने धोखाधड़ी कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख रुपये की नगदी निकाल ली । बंगलूरू सिटी कोतवाली पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। न्यायालय से तीनों जमानत पर छूटकर बाहर आ गए। इसके बाद आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुए। कोर्ट ने तीनों से गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। पुलिस अभी भी बड़ौत में डेरा डाले है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि बंगलूरू पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी में दबिश दी। आरोपी नहीं मिले। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।