शहर में एक महिला शिक्षक ने मनचले ने से परेशान होकर स्कूल में पढ़ाना छोड़ दिया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़ित की शिकायत पर उसके भाई ने आरोपी का विरोध किया तो उसने दोस्तों के साथ मिलकर उस पर भी हमला बोल दिया। इसमें युवक को गंभीर चोट आई है। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
मुगलपुरा मोहल्ला निवासी एक युवती पड़ोस में ही एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है। शिक्षक का काफी समय से एक पड़ोसी युवक पीछा कर रहा है। शिक्षक ने बताया गया कि मनचला उस पर स्कूल आते जाते फब्तियां कसता है और विरोध करने पर उसके साथ छेड़छाड़ की जाती है। इससे परेशान होकर उस ने कुछ दिन पहले स्कूल में पढ़ाना तक छोड़ दिया, लेकिन आरोपी फिर भी अपनी हरकत से बाज नहीं आया। सोमवार को शिक्षक किसी काम से घर के बाहर गई । आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की, मामले की शिकायत पीड़ित ने परिजनों से की तो उसका भाई आरोपी को समझाने के लिए उसके घर पहुंचा, वहां वह दोस्तों के साथ घर के बाहर ही खड़ा मिला। बताया गया कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने दोस्तों के साथ मिलकर पीड़ित के भाई के साथ मारपीट की, इससे उसे गंभीर चोट आई हैं। बाद में आरोपी पीड़ित युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। देर शाम परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार सिंह ने कहा तहरीर मिल गई है, जल्द ही आरोपी मनचले के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा शिक्षक को भी सुरक्षा का भरोसा दिलाकर दोबारा से स्कूल में पढ़ाने के लिए भेजा जाएगा।