अमीनगर सराय (बागपत)।
बागपत-मेरठ मार्ग पर डौला गांव मेें पुलिस चौकी के पास छह युवकों ने किराए को लेकर रोडवेज बस के परिचालक से मारपीट की। परिचालक ने हजारों की नगदी व टिकट मशीन लूटने का आरोप लगाकर सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
रोडवेज बस के परिचालक यूसुफ ने बताया कि दोपहर करीब सवा दो बजे चालक ऋषिपाल रोडवेज बस को बागपत से मेरठ के लिए लेकर चला । बागपत से बस में दो युवक सवार हो लिए। परिचालक ने उनसे किराया मांगा तो उन्होंने किराया कम किराया दिया। इस पर परिचालक व युवकों में कहासुनी हो गई। युवकों ने परिचालक के साथ गाली गलौच की। काफी हंगामे के बाद युवकों ने शेष रुपये भी दे दिए। युवकों ने फोन कर अपने साथियों को डौला गांव में बुला लिया। जब रोडवेज बस डौला गांव में पुलिस चौकी के पास पहुंची तो युवकों ने बस को रुकवा लिया और परिचालक को नीचे उतारकर उसकी जमकर पिटाई की। आरोप हैै कि हमलावर उससे चार हजार रुपये की नगदी व टिकट मशीन भी छीनकर ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। परिचालक ने सिंघावली अहीर थाने में छह युवकों के खिलाफ तहरीर दी। ग्रामीणों ने बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। थानाध्यक्ष हरे राम यादव ने बताया कि बस में किराए को लेकर झगड़ा हुआ है। परिचालक से लूट का आरोप गलत लगा रहा है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।