छात्रा से छेड़छाड़, दो आरोपी दबोचे
बागपत। शहर में चमरावल रोड पर कालेज से घर लौट रही बीए की छात्रा से थ्री व्हीलर में सवार तीन युवकों ने छेड़छाड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थ्री व्हीलर समेत दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक भाग निकला।
चमरावल रोड पर स्थित एक कालेज की छुट्टी होने के बाद छात्राएं घर जा रही थी। इसी समय थ्री व्हीलर में सवार होकर तीन युवक आए। तेज आवाज में गाने चलाकर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवक काफी दूर तक छात्रा पर छींटाकशी करते रहे। छात्रा ने कई बार उन्हें मना भी किया, लेकिन वे नहीं माने। सूचना पर पुलिस पहुंची और थ्री व्हीलर को रुकवाकर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक युवक भाग निकला। पुलिस दोनों आरोपियों को कोतवाली ले गई। पकड़ा गया थ्री व्हीलर चालक लोनी जनपद गाजियाबाद व दूसरा युवक कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। पीड़ित छात्रा ने युवकों के खिलाफ तहरीर दी। छात्रा ने बताया कि दो युवक कई दिनों से उसे परेशान कर रहे थे। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रमाकांत ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।