बागपत। पुलिस ने निवाड़ा पुलिस चौकी के पास लग्जरी कार में अरुणाचल प्रदेश से तस्करी कर लाई जा रही शराब बरामद की और तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। शराब खट्टा प्रहलादपुर गांव में सप्लाई करनी थी।
पुलिस को सूचना मिली कि अरुणाचल प्रदेश से शराब लेकर तस्कर लग्जरी कार से हरियाणा होते हुए बागपत जा रहे हैं। निवाड़ा पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर चालक कार को मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। कार से 27 पेटी अंग्रेजी शराब अरुणाचल प्रदेश मार्का बरामद हुई। पकड़ा गया शराब तस्कर विकास पुत्र सुभाष निवासी अर्जुन नगर पानीपत हरियाणा ने बताया कि खट्टा प्रहलादपुर में शराब सप्लाई करनी थी। वह काफी दिनों से शराब की तस्करी कर रहा है। पांच सौ रुपये प्रति चक्कर किराया मिलता था।
इसके अलावा पुलिस ने स्कूटी पर हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही चार पेटी देशी शराब पकड़ी। तस्कर मुकेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।