कान्हड़-दोघट मार्ग पर सेल्समैन से लूट
दोघट। कान्हड़-दोघट मार्ग पर दिनदहाड़े शराब ठेके के सेल्समैन से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने हजारों की नगदी व मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सेल्समैन ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बामनौली गांव निवासी संदीप बरनावा में शराब के ठेके पर सेल्समैन है। उसने बताया कि वह शुक्रवार की सुबह 11 बजे के लगभग दोघट से 25 हजार रूपये की नगदी लेकर लौट रहा था। जब वह कान्हड़-दोघट मार्ग पर पहुंचा तो बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया और उससे 25 हजार रूपये व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट कर भाग निकले। उसने थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ चितवन कुमार ने बताया कि लूट का आरोप गलत है। सेल्समैनों के बीच मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।