दोघट (बागपत)। दाहा गांव में प्राइवेट पशु चिकित्सक एवं सड़क ठेकेदार से मोबाइल फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर गोली मारने की धमकी भी दी। इस फोन कॉल के बाद से चिकित्सक का परिवार भयभीत है।
मूल रूप से शामली के भैंसवाल गांव निवासी प्रवीण कुमार दाहा गांव में रहते हैं। वे प्राइवेट पशु चिकित्सक और सड़क ठेकेदार भी हैं। थाने में दी तहरीर में उन्होने बताया कि बुधवार को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें दूसरी ओर से बोल रहे युवक ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर गोली से उड़ाने की धमकी दी। आरोपी ने किसी नाम नहीं लिया। धमकी के बाद परिवार के लोग भयभीत हो गए। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जिस नंबर से कॉल आई है, उसका पता लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार की पूर्ण सुरक्षा की जाएगी।