लूट के मामले में एएसपी से मिले व्यापारी
बागपत। नौरोजपुर गांव में 12 दिन पूर्व किराना की दुकान में हुई 50 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस अभी तक बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है। घटना का खुलासा न होने से पीड़ित व्यापारी का परिवार भयभीत है। व्यापारी ने एएसपी से मुलाकात कर घटना के खुलासे की मांग की।
नौरोजपुर गांव में आठ अप्रैल को बाइक सवार दो बदमाश संजय गोयल की किराना की दुकान से 50 हजार रुपये की नगदी लूट ले गए थे। इस मामले में व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है। व्यापारी संजय गोयल ने एएसपी अजय कुमार सिंह को बताया कि जब भी कोतवाली प्रभारी से घटना के संबंध में जानकारी लेते हैं तो उनका एक ही जवाब होता है कि बदमाशों को पकड़ कर ले आओ। कोतवाली प्रभारी का व्यवहार ठीक नहीं है। बदमाशों के न पकड़े जाने से उनकी परिवार भयभीत है। बदमाश फिर से उनके साथ अप्रिय घटना कर सकते है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। एएसपी ने बागपत कोतवाली पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।