बागपत। दहेज उत्पीड़न और महिला से रेप के मामले में अपनी-अपनी पैरवी करने कचहरी पहुंचे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कार और चेन लूट का आरोप लगाकर तहरीर दी है। एसपी जयप्रकाश ने कहा मामले की जांच कराई जा रही है।
बिनौली थाना क्षेत्र के गांव की युवती की शादी गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी युवक के साथ हुई । एक माह पहले युवती ने अपने जेठ सुरेंद्र पर दुष्कर्म और पति, ससुर और सास पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया । सोमवार को युवती अपने भाई और परिवार के साथ केस की पैरवी करने के लिए पहुंची। जबकि आरोपी पक्ष की ओर से उसका जेठ अपने पक्ष के लोगों के साथ पहुंचा था। दोनों पक्षों के बीच कचहरी परिसर में खींचतान हुई। अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। एसपी जयप्रकाश को मामले की जानकारी दी । इसके बाद निवाड़ा चौकी प्रभारी अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। युवती ने तहरीर दी है कि उनकी गाड़ी लूट ली गई। अश्लील हरकतें की और जान से मारने की धमकी दी है। उधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि उनकी भी कार लूट ली गई है। उनकी सोने की चेन लूटी और धमकी दी गई। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी तहरीर कोतवाली में दे दी है। एसपी जयप्रकाश का कहना है कि दोनों पक्षों से मिली तहरीर की जांच कराई जा रही है।