नहीं खुला कारोबारी की मौत का राज
बागपत। असारा गांव के कारोबारी महेंद्र की मौत का राज नहीं खुल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है। अब उसे जांच के लिए आगरा लैब में भेजा जाएगा।
असारा निवासी महेंद्र (55) पुत्र जगराम गेंहू और अन्य सामान की खरीद फरोख्त कराता था। बृहस्पतिवार सुबह महेंद्र का शव गांव के रजवाहे के पास पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। परिजनों ने बताया था कि बुधवार शाम घर से एक दुकानदार से अपने रुपये लेने के लिए महेंद्र एलम गए थे। उन्होंने महेंद्र की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही थी। लेकिन अब रिपोर्ट से मौत का कारण ही स्पष्ट नहीं हो पाया। रमाला थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार का कहना है कि बिसरा को जांच के लिए आगरा लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गर्दन कटे शव की भी नहीं हुई शनाख्त
बागपत। महिला थाने के पास इंटर कालेज के क्रीड़ास्थल में गर्दन कटी लाश मिली थी। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके लिए कोतवाली पुलिस पड़ोसी जनपदों की थाने की पुलिस से संपर्क कर रही है। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू का कहना है कि शव की शनाख्त के हर संभव प्रयास किए जा रहे है।