बागपत। कमाला गांव में सेना के रिटायर्ड सूबेदार मैन पाल के मकान पर पड़ोस के लोगों ने धावा बोल दिया। मासूम बच्चों के बचाव में आई उनकी बेटी पर भी हमला कर दिया। इससे महिला का कान का पर्दा फट गया। आरोपी उसके कुंडल और अन्य आभूषण भी लूटकर ले गए। घायल जिला अस्पताल में कई घंटे तड़पती रही। बाद में चिकित्सकों ने उसे भर्ती किया।
रिटायर्ड सूबेदार मैन पाल की पत्नी बबीता ने बताया पड़ोस का एक परिवार उनसे रंजिश रखता है। उनसे आए दिन विवाद करता रहता है। आरोपी परिवार के लोगों ने उनके घर में घुसकर धावा बोल दिया। उसके पति ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपी छोटे बच्चों पर भी हमला करने लगे, बचाव में आई उसकी शादीशुदा बेटी प्रवेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके कान का पर्दा फट गया। शोर शराबा होने पर मोहल्ले के काफी लोग एकत्र हो गए। आरोपी भुगतने की धमकी देकर भाग गए। आरोपी विवाहिता के कान के कुंडल समेत अन्य जेवरात भी लूटकर ले गए। परिजन घायल बेटी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने काफी देर तक घायल का उपचार नहीं किया। इस कारण महिला काफी समय तक इलाज के लिए तड़फती रही। दूसरी तरफ शिकायत करने के बाद भी थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने अपनी बेटी के साथ एसपी से घटना की शिकायत की। एसपी डी प्रदीप कुमार ने सिंघावली अहीर पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।