बागपत। जिला अस्पताल में महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा किया। तीन दिन पहले महिला के नवजात शिशु की भी मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। परिजन शव को घर लेकर चले गए।
निवाड़ा गांव निवासी मोमिन ने बताया कि जिला अस्पताल में 28 अप्रैल को पत्नी मोहसिना (25) ने बेटे को जन्म दिया । नवजात शिशु को कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई। मंगलवार को अस्पताल से प्रसूता को छुट्टी मिल गई । परिजन उसे घर लेकर चले गए । बुधवार को उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि चिकित्सकों ने उसका इलाज नहीं किया। एक घंटे तक चिकित्सक उन्हें इधर-उधर घुमाते रहे। इलाज नहीं मिलने के कारण मोहसिना की मौत हो गई। चिकित्सकों ने अपने ऊपर से मामला टालने के लिए मृतक महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर किया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। चिकित्सकों की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार बताया। हंगामा को देखकर चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी ओमपाल सिंह फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। परिजनों को समझा कर शांत किया। परिजन शव को घर लेकर चले गए। सीओ ने बताया कि यदि कोई तहरीर लेकर आता है तो कार्रवाई की जाएगी।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक विजय प्रकाश ने बताया कि महिला को ब्रेन में टीबी थी। एक माह से उसका इलाज चल रहा था। महिला का तुरंत इलाज किया गया। परिजन जो आरोप लगा रहे है, वह निराधार है।