बागपत। कचहरी के पास भाई की साली से शादी रचाने आ रहे युवक को पत्नी और उसके मायके वालों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई की गई और सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हरियाणा के जींद निवासी सलीम ने बताया कि 12 साल पहले उसकी बहन का निकाह सोनू निवासी सोनीपत के साथ हुआ था। शादी के बाद से पति उसे प्रताड़ित करता है। अब उसके चार बच्चे हैं। आरोप है कि पति का अपने भाई की साली से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बागपत में भाई की ससुराल है। बृहस्पतिवार को पति सोनू प्रेमिका से शादी करने के लिए बागपत पहुंचा। प्रेमिका को कचहरी लेकर जा रहा था। इसी समय पत्नी और उसके मायके वालों ने पकड़ लिया। उन्होंने युवक की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।